मासिक राशिफल- जुलाई 2024

जुलाई 2024 के महीने में कई बड़े ग्रहों का राशि परिवर्तन होने जा रहा है। इन ग्रहों में मंगल, बुध और शुक्र ग्रह के साथ ही सूर्य देव भी अपनी राशि बदलने जा रहे हैं। इस जुलाई के महीने में एक ओर तो शुक्र ग्रह का 7 जुलाई को उदय होने जा रहा है वहीं दूसरी ओर 29 जून से शनि के वक्री होने पर जुलाई में इनकी वक्र दृष्टि का सभी 12 राशियों पर शुभाशुभ प्रभाव भी देखने को मिलेगा। इस जुलाई के महीने में कई बड़े ग्रहों की राशि परिवर्तन होने के साथ ही कई नक्षत्रों के भी राशि परिवर्तन होने से सभी 12 राशियों के साथ ही देश दुनिया पर भी इसका विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा। मेष राशि से लेकर मीन राशि तक की 12 राशियों के किन जातकों को जीवन में मिलेगी सुख, शांति और समृद्धि और किन जातकों की रहेगी भाग दौड़ और धन को लेकर परेशानी। आइये इन सभी बातों को विस्तार से इस आर्टिकल के माध्यम से जानते हैं।

● मेष राशि-  मेष राशि वाले जातकों को जुलाई का यह महीना काफी अच्छे परिणाम लेकर आएगा। पारिवारिक जीवन में सकारात्मक माहौल देखने को मिलेगा, आप अपने साथी के साथ कहीं घूमने भी जा सकते हैं, आपके घरेलू सद्भाव को बढ़ाने के लिए यह महीना अच्छा है। इसके प्रथम सप्ताह में आपको लाभ मिलेगा, आप आगे बढ़ने के लिए प्रयास करते रहें, महीने के उत्तरार्ध में आपको अधिक जल्दबाजी और आवेग में आकर कोई कार्य नहीं करना चाहिए। महीने का अंतिम सप्ताह आपको रचनात्मक कार्य में रुचि देने वाला होगा। इस महीने आपको करियर के विकास के अच्छे मौके मिलेंगे, पदोन्नति और वेतन वृद्धि का भी योग बनेगा, व्यवसाय में यह महीना उन्नति देने वाला होगा, प्रियजनों को लेकर थोड़ी चिंता आपको हो सकती है।

● वृषभ राशि-  वृष राशि वाले जातकों को जुलाई के इस महीने के प्रथम सप्ताह में पुराने लोगों से मुलाकात हो सकती है। इस महीने आपको कोर्ट-कचहरी के मामलों को ध्यान में रखते हुए सावधानी से आगे बढ़ना चाहिए। महीने के उत्तरार्ध में अपने सीनियर से ज्यादा से ज्यादा सामंजस्य बनाकर रखने का प्रयास करें। इस महीने आपके विचारों ओर शब्दों में लोगों को बजन दिखाई देगा। यात्रा के लिए महीने का दूसरा भाग आपके लिए अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य का इस महीने थोड़ा ख्याल रखिए। इस महीने आपकी वित्तीय संभावनाएं काफी अच्छी दिखाई दे रही हैं, आपको थोड़ा कार्य का दवाब महसूस हो सकता है। धन आगमन के लिए समय अच्छा है, घर-परिवार में भी माहौल अच्छा बना रहेगा।

● मिथुन राशि- मिथुन राशि वाले जातकों को यह महीना लक्ष्य प्राप्ति के लिए आपका सहयोग करेगा, यात्राओं और सकारात्मक गतिविधियों से आपकी आय में स्थिरता बढ़ेगी, व्यापार में लाभ होगा, निवेश करने के लिए समय ठीक रहेगा, पार्टनरशिप में यह समय आपकी सहायता करेगा, आपको स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए, प्रेम संबंधों के लिए समय अच्छा है, शादीशुदा लोगों के जीवन में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। महीने के उत्तरार्ध में शब्दों का चयन आपको सावधानी से करना चाहिए।

● कर्क राशि- कर्क राशि वाले जातकों को इस महीने इनकम तो बढ़ेगी लेकिन आपको अपने अनावश्यक खर्चों पर भी ध्यान रखना होगा। ज्ञान प्राप्ति के लिए प्रथम सप्ताह अच्छा है, छात्रों को यह महीना शुभ परिणाम देने वाला होगा। विवादों को इस महीने आप अपनी सूझबूझ से सुलझाने का प्रयास करें। वैवाहिक जीवन में सामंजस्य बनाकर चलेंगे तो अच्छा रहेगा। कार्यस्थल पर सीनियर लोगों से विवादों से आपको बचना चाहिए। महीने के उत्तरार्ध में व्यावसायिक समझौतों में थोड़ी सावधानी रखें, अकेले रह रहे लोगों के जीवन में प्यार को लेकर अच्छे योग बनने जा रहे हैं।

● सिंह राशि- सिंह राशि वाले जातकों को जुलाई के इस महीने में आय को लेकर अच्छे परिणाम मिलेंगे। आपकी अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने की अच्छी उम्मीद बन रही है। करियर को लेकर यह महीना आपके लिए काफी सहायक सिद्ध होगा। महीने के उत्तरार्ध में अपने साथियों के साथ व्यर्थ के विवादों से बचना चाहिए। आप जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने भी जा सकते हैं। वैवाहिक लोगों के साथ ही प्रेमियों के लिए भी यह महीना अच्छा जाने की संभावना बनी हुई है।

● कन्या राशि- कन्या राशि वाले जातकों के लिए यह महीना अच्छा है आपकी आय में बढ़ोतरी होगी और खर्चों में भी कुछ कटौती होने की संभावना बनने जा रही है, वित्तीय प्रबंधन आपका अच्छा रहेगा, महीने का उत्तरार्ध आपकी रुकी हुई योजनाओं को आगे बढ़ाने वाला साबित होगा। आप निवेश के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी अपना समय लगा सकते हैं। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा, इस महीने आप अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। स्वास्थ्य लगभग ठीक रहने की संभावना बनी हुई है।

● तुला राशि-  तुला राशि वाले जातकों को इस महीने अपनी इनकम बढ़ाने के लिए मेहनत भी काफी बढ़ानी होगी। वैवाहिक जीवन में थोड़ा तनाव देखने को मिल सकता है इसलिए आपको सामंजस्य बनाकर ही आगे बढ़ना चाहिए। सकारात्मक विचार और मेहनत से प्रयास करेंगे तो यह महीना आपके करियर और धन लाभ में आपका अच्छा सहयोग करेगा। इस महीने आप कुछ ऐसे लोगों से मिलेंगे जो आगे चलकर आपको लाभ देने वाले होंगे। साझेदारी में आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे, स्वास्थ्य के लिए समय लगभग सही जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

● वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि वाले नौकरी पेशा जातकों के लिए यह महीना अच्छा है। आपको प्रमोशन और वेतन वृद्धि देखने को मिल सकती है। शेयर मार्केट से जुड़े लोगों को भी अच्छा लाभ हो सकता है। व्यापारी वर्ग को अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए इस महीने मेहनत भी ज्यादा करनी होगी। महीने के अंतिम सप्ताह में आपको अच्छा प्रोजेक्ट मिल सकता है। आपका मन धार्मिक कार्यों की ओर भी लगेगा। इस  महीने आपको अपने सीनियर से सहायता मिल सकती है। छात्रों के लिए भी यह अच्छे परिणाम देने वाला होगा।

● धनु राशि- धनु राशि वाले जातकों के लिए यह महीना विदेश यात्रा के अच्छे योग बना रहा है। आपसी सामंजस्य से आप रिश्तो को व्यवस्थित बनाए रखने में सफल होंगे। इस महीने आप अपने साथी के साथ बाहर घूमने भी जा सकते हैं। प्रेमी लोगों के लिए इस महीने में थोड़ी परेशानी हो सकती है। यह महीना संतान के साथ ही आर्थिक समृद्धि को लेकर भी खुशियां देगा, विरोधियों पर आपको विजय मिलेगी, शेयर में भी कुछ निवेश कर सकते हैं जिससे आगे लाभ मिलेगा। इस महीने अचानक करियर में अप एंड डाउन भी देखने को मिल सकता है, स्वास्थ्य लगभग अच्छा रहेगा। आपके स्थान परिवर्तन के भी कुछ योग बनने जा रहे हैं।

● मकर राशि-  मकर राशि वाले नौकरी पेशा जातकों के लिए यह महीना अच्छा रहेगा लेकिन आपको किसी गलत कार्य को करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे आपको नुकसान हो सकता है। इस महीने आप लोगों को अपनी बातों से प्रभावित कर पाएंगे। स्वास्थ्य का इस महीने आपको ख्याल रखना चाहिए। रिश्तों से सहयोग के परिणाम और आपकी आर्थिक स्थिति लगभग सामान्य रहेगी। आपको कुछ अन्य स्रोतों से धन लाभ संभावित है। इस महीने आपका स्वास्थ्य भी लगभग सामान्य रहेगा। आप धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़िए व्यवसाय में भी आपको अच्छे परिणाम धीरे-धीरे देखने को मिलेंगे।

● कुंभ राशि- कुंभ राशि वाले जातकों को जुलाई का यह महीना करियर को लेकर अच्छा है। आपके धन-लाभ के लिए भी अच्छे योग बनेंगे। इस महीने आप कोई वाहन या संपत्ति भी खरीद सकते हैं लेकिन आपको ज्यादा खर्चा करने से बचना चाहिए। निवेश के लिए भी लगभग यह महीना ठीक माना जाएगा। नौकरी पेशा लोगों को स्थान परिवर्तन के योग बनेंगे। इस महीने अपने खान पान का ध्यान रखिए। सफल होने और कार्यों की पूर्ति के लिए आपको अपनी मेहनत को भी बरकरार रखना होगा।

● मीन राशि- मीन राशि वाले जातकों के लिए यह महीना लगभग अच्छा है। आपके कार्य क्षेत्र में कई नई संभावनाएं भी आपको मिल सकती हैं। आप समझदारी से कुछ निवेश कर सकते हैं। स्वास्थ्य का आपको महीने के उत्तरार्ध में ध्यान रखना होगा। विद्यार्थियों के लिए भी यह महीना सकारात्मक परिणाम देने वाला साबित होगा। इस महीने कुछ खरीदारी के भी अच्छे योग बन रहे हैं इसके साथ ही आप किसी यात्रा पर भी जा सकते हैं। आपके रुके हुए कार्य अब पूर्ण होंगे और आर्थिक लाभ में भी वृद्धि देखने को मिलेगी। लव लाइफ को लेकर लगभग अच्छा समय है, अविवाहित लोगों के विवाह होने के भी अच्छी संभावना बनेगी। स्वास्थ्य को लेकर यह महीना लगभग ठीक जाने की संभावना है।

● आप सभी इस संभावित राशिफल के द्वारा अपने आने वाले महीने की प्लानिंग करके मेहनत के माध्यम से आगे बढ़िए। निश्चित ही यह महीना आपको उत्तम फल देने वाला साबित होगा।

● संपूर्ण कुंडली के फलादेश में प्रत्येक ग्रह और दशा-अंतर्दशा का महत्वपूर्ण स्थान होता है। यह केवल जुलाई महीने के आधार पर किया गया फलादेश है।

■ ज्योतिष फलदायक न होकर फल सूचक है ! किसी भी निष्कर्ष पर पहुचने से पहले किसी योग्य ज्योतिर्विद से संपूर्ण कुंडली के परामर्श करने के बाद ही किसी सार्थक निर्णय पर पहुंचना उचित माना जाता है।

डॉ योगेश व्यास, ज्योतिषाचार्य, (टापर),
नेट ( साहित्य एवं ज्योतिष )
पीएच.डी (फलित-ज्योतिष)
कावेरी पथ, मानसरोवर (जयपुर),
 Website- www.astrologeryogesh.com  
Mob-  8058169959

Home I About Us I Contact I Privacy Policy I Terms & Condition I Disclaimer I Site Map
Copyright © 2024 I Khaskhabar.com Group, All Rights Reserved I Our Team